पुसौर पुलिस की बड़ी सफलता, ट्यूबवेलों से तांबा वायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
खेतों में लगातार हो रही चोरियों पर लगा अंकुश, चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में
रायगढ़ ACGN:- किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेलों से तांबा केबल वायर चोरी कर नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का पुसौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के तांबा एवं सिल्वर तार, नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मामला उस समय सामने आया जब पुसौर निवासी किसान उमेश साव ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 50 मीटर तांबा केबल वायर अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया है। चोरी गए तार की कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के अन्य किसानों के खेतों से भी इसी प्रकार तांबा वायर चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे किसानों में भय और आक्रोश का माहौल था।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर ट्यूबवेलों से तांबा केबल वायर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए तारों को साथी समीर सतनामी की मदद से जलाकर उनमें से तांबा निकाला जाता था और फिर उसे बेच दिया जाता था, ताकि पुलिस को सबूत न मिल सके।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, जिसका उपयोग चोरी की वारदातों में किया गया था, जब्त की। साथ ही चोरी से प्राप्त नगदी रकम भी बरामद की गई। बाद में केदारनाथ सारथी और समीर सतनामी को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम चंद्रपुर पहुंची, जहां चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी दिनेश देवांगन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी का तांबा और सिल्वर तार खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। चोरी का माल खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ भी अलग से वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में अमित सारथी, केदारनाथ सारथी, समीर सतनामी और दिनेश देवांगन शामिल हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुसौर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही तांबा वायर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत महसूस की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

