पैतृक जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, पिता–पुत्र पर टंगिया से जानलेवा हमला, क्षेत्र में दहशत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता
सिंधुमार (सीसीरिंगा) गांव में जमीन कब्जे के विरोध पर हमला, सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें, आरोपी पर धमकी का आरोप
धरमजयगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंधुमार (सीसीरिंगा) में पैतृक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां जमीन पर कथित अवैध कब्जे का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर धारदार हथियार टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 की सुबह करीब 07:30 बजे प्रार्थी गिरधारी यादव अपने वृद्ध पिता कैलाश यादव के साथ अपनी पैतृक भूमि पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का ही निवासी टोंकाधार यादव वहां पहुंचा और जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर अपने साथ लाए टंगिया से गिरधारी यादव के सिर पर हमला कर दिया। पिता द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले में गिरधारी यादव के सिर में गहरा घाव आया है, जिसमें टांके लगाए गए हैं, जबकि उनके पिता कैलाश यादव के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर बेहोश हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद थाना स्तर पर दर्ज रिपोर्ट में गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गईं, जिससे आरोपी को कथित रूप से जमानत मिल गई। इसके बाद से आरोपी द्वारा खुलेआम धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़ित पक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही FIR में गैर-जमानती धाराएं जोड़ने, आरोपी की पुनः गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भूमि विवादों को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या सख्त कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा कब तक उपलब्ध कराई जाती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






