हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था से सशक्त हुआ बिलासपुर, 24 नई Dial-112 वाहनों को मिली हरी झंडी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
आधुनिक तकनीक और स्मार्ट सुरक्षा सिस्टम से लैस वाहनों की जिलेभर में तैनाती, आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
बिलासपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ शासन की बहुउद्देशीय जनसुरक्षा कार्ययोजना को नया स्वरूप देते हुए प्रदेशभर में 400 से अधिक आधुनिक एवं स्मार्ट Dial-112 वाहनों को नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित किया गया है। रायपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह एवं गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा इन अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेशवासियों को समर्पित किया गया।

इसी क्रम में बिलासपुर जिले को 24 आधुनिक Dial-112 वाहन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ये वाहन दुर्घटना, जाम, तस्करी, चोरी, लूट, डकैती, महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराध, आगजनी तथा अन्य आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई एवं सहायता प्रदान करेंगे।

इन अत्याधुनिक वाहनों में लाइव CCTV कैमरे, उन्नत तकनीक, आधुनिक सुरक्षा मानक एवं नवीनतम डिजिटल प्रणालियां स्थापित की गई हैं, जिससे घटनास्थल की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। कोटा, मस्तूरी, सिविल लाइन, सिरगिट्टी, सरकंडा एवं कोनी थाना क्षेत्रों में दो-दो वाहन सहित कुल 24 वाहन जिले के विभिन्न थाना-चौकियों में तैनात किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल एवं बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और नागरिकों की सेवा में समर्पित Dial-112 की बेहतर व्यवस्था की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।






वहीं बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग , कलेक्टर संजय अग्रवाल , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रजनेश सिंह , नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नई Dial-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, एनजीओ, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। नई पुलिस वाहनों की आकर्षक फ्लीट और सायरन से पूरा माहौल सुरक्षा एवं जनसेवा के संकल्प से गूंज उठा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सभी वाहन अपने-अपने थाना क्षेत्रों में तैनात होकर आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा में 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि Dial-112 एक अत्यंत आवश्यक एवं आपातकालीन सेवा है, इसलिए इसका उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही करें, ताकि संकट में फंसे लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ (ACGN)।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






