कृषि सुधारों में छत्तीसगढ़ बना देश का मॉडल, भुवनेश्वर सम्मेलन में गूंजी उपलब्धियों की चर्चा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
केंद्रीय कृषि मंत्री ने तिलहन मिशन और प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर की सराहना
भुवनेश्वर ACGN :- छत्तीसगढ़ ने कृषि सुधार, किसान कल्याण और आधुनिक खेती के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय जोनल कॉन्फ्रेंस में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री राम विचार नेताम ने छत्तीसगढ़ को कृषि नवाचार और टिकाऊ खेती के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि विविधीकरण और ग्रामीण समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है।

सम्मेलन में मंत्री श्री नेताम ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जिसे देश की सबसे पारदर्शी और ऐतिहासिक समर्थन व्यवस्था माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने 437 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी कर किसानों के खातों में लगभग 1.40 लाख करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया है।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार केवल बड़े किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत पांच लाख से अधिक परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर में कॉफी और अनासपाती तथा जशपुर में चाय की खेती आदिवासी क्षेत्रों में नई आर्थिक संभावनाओं के द्वार खोल रही है।

कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेसी ने सम्मेलन में बताया कि राज्य में कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए 128 हाईटेक नर्सरी, 71 कोल्ड स्टोरेज, 63 पैकहाउस और 428 सोलर ड्रायर विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऑयल पाम, बांस मिशन, प्राकृतिक खेती, दलहन-तिलहन विस्तार और कृषि वानिकी के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 4.89 लाख किसानों को 854 करोड़ रुपये से अधिक की दावा राशि वितरित की गई है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में एआई, ड्रोन तकनीक और एकीकृत किसान पोर्टलों के माध्यम से कृषि व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसानों को खेती से जुड़ी सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय जोनल कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एग्रीस्टेक पोर्टल, दलहन-तिलहन विस्तार, पीएम आशा योजना, प्राकृतिक खेती और तिलहन मिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना की। उन्होंने पूर्वी भारत के पांच राज्यों के बीच तिलहन मिशन में लक्ष्य प्राप्ति पर छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान हासिल करने के लिए बधाई भी दी।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और छत्तीसगढ़ शासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































