रायगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को मिली नई रफ्तार : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने डॉयल-112 के 16 अत्याधुनिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ छत्तीसगढ़
By ACGN 7647 98171193039 48009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
अब पुलिस, मेडिकल, फायर, महिला हेल्पलाइन और आपदा सहायता एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध

रायगढ़, 20 मई 2026। रायगढ़ जिले में आधुनिक पुलिसिंग और त्वरित आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन” के तहत रायगढ़ जिले को 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) की बड़ी सौगात मिली। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुराना पुलिस लाइन परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा, सुशासन और तकनीक आधारित सेवा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि शासन के बड़े निर्णय अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं और यह योजना आम नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ी हुई है।

कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस सामुदायिक भवन, पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सभापति डिग्रीलाल साहू, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

2018 से शुरू हुई योजना अब पूरे प्रदेश में विस्तारित
कार्यक्रम में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि डॉयल-112 योजना की शुरुआत 4 सितंबर 2018 को राज्य के 16 जिलों में की गई थी, लेकिन अब “फेज-2 नेक्स्ट जेन” के तहत इसे प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित कर दिया गया है। इस नई परियोजना का लोकार्पण 18 मई 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था।

उन्होंने बताया कि फेज-2 के अंतर्गत पूरे प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल तैनात किए गए हैं, जिनमें से रायगढ़ जिले को 16 अत्याधुनिक वाहन प्राप्त हुए हैं। यह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव का विषय है।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं नए ERV वाहन
नई डॉयल-112 सेवा के तहत मिले वाहनों में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। प्रत्येक वाहन में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS ट्रैकिंग सिस्टम, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल तक त्वरित पहुंच, लाइव मॉनिटरिंग और तत्काल रिस्पांस संभव हो सकेगा।

एसएसपी ने बताया कि नई व्यवस्था के माध्यम से अब केवल पुलिस सहायता ही नहीं, बल्कि मेडिकल इमरजेंसी, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सहायता सेवाओं को भी एकीकृत कर दिया गया है। अब नागरिकों को अलग-अलग नंबर याद रखने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि केवल 112 डायल करते ही सभी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
रायपुर में स्थापित हुआ हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर

पूरे सिस्टम के संचालन और मॉनिटरिंग के लिए रायपुर में अत्याधुनिक C4 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। यहां से पूरे प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं की निगरानी की जाएगी। इससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनेगी।
आमजन को मिलेगा सीधा लाभ

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि इस योजना से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी। साथ ही पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता भी पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने रायगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग और मजबूत होगा।
एसएसपी का संदेश “तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को लगातार मजबूत कर रही रायगढ़ पुलिस”

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान पूरा परिसर सायरन की आवाज और तालियों की गूंज से उत्साहपूर्ण माहौल में बदल गया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा “रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को लगातार मजबूत कर रही है। डॉयल-112 की नई व्यवस्था से आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया और अधिक तेज, प्रभावी एवं भरोसेमंद होगी। इससे पुलिसिंग को मजबूती मिलने के साथ आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा।”

कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉयल-112 जिला नोडल अधिकारी एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आईआर अमित सिंह, रेडियो सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र श्याम, डॉयल-112 आरक्षक एवं ईआरवी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


