लोक निर्माण विभाग सचिव ने धमतरी और केशकाल में सड़क परियोजनाओं का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
धमतरी, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
फोरलेन सड़क, बायपास और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
रायपुर ACGN:- लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज धमतरी और केशकाल क्षेत्र में चल रहे तथा प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

धमतरी में सचिव ने रत्नाबांधा चौक से कांकेर बायपास तक लगभग 5 किलोमीटर तथा सिहावा चौक से नगरी रोड तक 5 किलोमीटर प्रस्तावित फोरलेन सड़कों की जगह का निरीक्षण किया। इन दोनों सड़कों को फोरलेन में उन्नयन करने की योजना है और इनका कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने कुरुद-चरमुड़िया-गोबरा-सिवनी-चिंवरी-सिर्री मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया, जो लगभग 30 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 9.3 किलोमीटर लंबाई में किया जा रहा है। इस परियोजना को फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी क्रम में सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया, जिसकी लागत लगभग 15 करोड़ 53 लाख रुपये है और यह 9.6 किलोमीटर लंबाई में विकसित किया जा रहा है। सचिव ने इस कार्य को भी तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसी दिन रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास का भी निरीक्षण किया गया। मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का अवलोकन करते हुए तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को शेष पेड़ों की कटाई शीघ्र पूर्ण करने तथा मुआवजा प्रकरणों के लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
यह 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबा फोरलेन बायपास होगा, जिसमें दो वृहद और दो मध्यम पुलों का निर्माण भी शामिल है। सचिव ने कहा कि यह परियोजना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के यातायात के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा (संपादक)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






