स्थानीय ड्राइवरों की अनदेखी पर कांग्रेस ने उठाई आवाज, रोजगार में प्राथमिकता की मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
एसईसीएल परियोजनाओं में बाहरी चालकों की भर्ती से स्थानीय भारी वाहन चालकों में बढ़ रहा असंतोष
कोरबा, ACGN:- पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल से आज एसईसीएल परियोजना क्षेत्रों गेवरा़, दीपका, कुसमुंडा एवं कोरबा के छत्तीसगढ़ ड्राईवर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर स्थानीय भारी वाहन चालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्षों से खदान परियोजनाओं में कार्य कर रहे स्थानीय चालक आज बेरोजगारी की गंभीर मार झेल रहे हैं, जबकि नई ठेका कंपनियां बाहरी चालकों को प्राथमिकता देकर भर्ती कर रही हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानीय भारी वाहन चालकों ने लगभग 15 से 20 वर्षों तक विभिन्न खनन कंपनियों के माध्यम से सेवाएं दी हैं। परियोजनाओं के संचालन और खनन कार्य में इन चालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन पुरानी कंपनियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई कंपनियां जैसे पी.एन.सी., सोनू-मोनू और नीलकंठ सहित अन्य ठेका कंपनियां स्थानीय अनुभवी चालकों की उपेक्षा कर बाहरी लोगों को रोजगार दे रही हैं।

इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि खदान प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं और परिवारों ने उद्योगों एवं परियोजनाओं के विकास में वर्षों तक अपना योगदान दिया है। ऐसे में रोजगार के अवसरों में स्थानीय लोगों का पहला अधिकार सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार उपेक्षा से क्षेत्र में असंतोष का माहौल बनना स्वाभाविक है।
उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से मांग की कि मुख्यालय स्तर से गेवरा़, दीपका, कुसमुंडा एवं कोरबा-मानिकपुर सहित सभी परियोजना क्षेत्रों के महाप्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं ताकि ठेका कंपनियों द्वारा भारी वाहन चालकों की भर्ती में स्थानीय अनुभवी चालकों को प्राथमिकता देना अनिवार्य किया जा सके।
जयसिंह अग्रवाल ने यह भी कहा कि स्थानीय बेरोजगारी की समस्या के समाधान और औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने के लिए परियोजना प्रबंधन तथा छत्तीसगढ़ ड्राईवर महासंघ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ इस मुद्दे का निराकरण किया जाना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसईसीएल प्रबंधन स्थानीय हितों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगा।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


