जनजातीय गरिमा उत्सव अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर और एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, 25 मई तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
मुंगेली ACGN :- शासन के निर्देशानुसार जिले में आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जनभागीदारी अभियान की शुरुआत कर दी गई है। “जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर आधारित यह विशेष अभियान 25 मई तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजातियों एवं जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना, सेवा संतृप्ति सुनिश्चित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। अभियान के तहत चयनित गांवों में शिविर, जनसुनवाई, स्वास्थ्य जागरूकता रैली और ग्राम संपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर कुंदन कुमार और एसएसपी भोज राम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को जिले के चिन्हांकित 57 धरती आबा ग्रामों और पीएम जनमन ग्रामों में व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री शिव कुमार बांधे ने बताया कि अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, मातृ वंदन योजना, जनधन खाता, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड और उज्ज्वला योजना जैसी विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। 20 मई को ग्राम संपर्क गतिविधियों के तहत अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक संगठन गांवों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद करेंगे तथा योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।

उन्होंने बताया कि 21 से 23 मई तक ग्राम स्तर पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग्रामीणों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिविर, टीबी स्क्रीनिंग, सिकल सेल जांच तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, स्वयंसेवी संगठनों, एनएसएस और एनसीसी की सहभागिता से जनजागरूकता गतिविधियों को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर एडीएम श्री जी.एल. यादव, आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






