डामर संकट के बीच सड़कों की हालत सुधारने के निर्देश, लापरवाह एजेंसियों पर होगी कार्रवाई : उद्योग मंत्री
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
कोरबा ACGN :- वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिडिल ईस्ट एशिया में युद्ध के कारण उत्पन्न डामर संकट के बावजूद शहर की सड़कों की हालत सुधारने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि डामर की अनुपलब्धता के कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि स्वीकृति, निविदा और कार्यादेश जैसी प्रक्रियाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में उच्च स्तर पर चर्चा कर वैकल्पिक रास्ता निकालना जरूरी है ताकि बरसात में शहरवासियों को परेशानी न उठानी पड़े।
कोरबा में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्री देवांगन ने नगर निगम के कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर शुक्ल नगर और बालको जोन के 28 वार्डों के विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा की। बैठक में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर सहित कई पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले नालों और नालियों के निर्माण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं तथा जो निर्माण एजेंसियां काम में लापरवाही बरत रही हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर ब्लैकलिस्ट किया जाए।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई विकास कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं और कुछ कार्य बीच में ही रुके हुए हैं। इस पर मंत्री श्री देवांगन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि नोटिस के बाद भी काम शुरू नहीं किया जाता तो एजेंसियों की जमा अमानत राशि राजसात कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी अभियंता निर्माण कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग करें और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

बैठक में जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, वित्त आयोग, विधायक निधि, महापौर निधि, सीएसआर मद सहित विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी, स्कूल भवन, शौचालय, उप स्वास्थ्य केंद्र, तालाब गहरीकरण, मुक्तिधाम, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी कार्यों में तेजी लाने और समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी वार्ड या बस्ती में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पाइपलाइन टूटने या बिजली बाधित होने की स्थिति में तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जाए। वहीं स्ट्रीट लाइट के कार्यों में तेजी लाने और सभी वार्डों में एक साथ कार्य करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा ने पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में आठवां स्थान हासिल किया था और अब शहर को नंबर वन बनाने के लिए और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सफाई कार्यों में और अधिक कसावट लाने के निर्देश दिए ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
बैठक में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समयसीमा में निराकरण किया जाए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


