नवनिर्वाचित अधिवक्ताओं का हुआ सम्मान, संजीत पाणिग्राही को मिला विशेष सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गंजाम, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनिल कुमार चौधरी
राज्य स्तरीय समारोह में अधिवक्ताओं के अधिकार, सुरक्षा और कल्याण को लेकर उठी आवाज
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित भंजकला मंडप में ऑल ओडिशा लायर एसोसिएशन द्वारा राज्य स्तरीय भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न बार एसोसिएशनों के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता संजीत कुमार पाणिग्राही को कानून और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों और अधिवक्ताओं ने उनके कार्यों की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष बिभु प्रसाद त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ नेता ज्ञान रंजन मोहंती की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा सरकार के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश कुमार पुजारी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिवक्ता कल्याण कोष को पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर बीस करोड़ रुपये करने तथा अधिवक्ताओं के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शीघ्र लागू करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं की एकता और संगठित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में अधिवक्ता समाज की भूमिका सबसे अहम होती है।
समारोह में एसोसिएशन के सलाहकार जीवन कुमार साहू, ओडिशा स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजीव कुमार मोहंती, ओडिशा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललातेंदु सामंतराय, राज्य विधि आयोग के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता सौरचंद्र महापात्रा सहित कई प्रतिष्ठित अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ता कल्याण कोष में वृद्धि, अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने, अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने, अधिवक्ता अकादमी गठन तथा भुवनेश्वर में एसोसिएशन के कार्यालय के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

विशेष सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीत कुमार पाणिग्राही ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज केवल न्याय व्यवस्था की रीढ़ नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता का पेशा केवल रोजगार नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से एकजुट होकर अधिकार, सुरक्षा और कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के प्रशासनिक सचिव प्रशांत कुमार साहू ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


