पेट्रोल – डीजल के संकट और बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर प्रदर्शन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद की कमी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
कोरबा शहर के घंटाघर चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट तथा खाद की कमी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन कर दिया है। पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस, व्यवसायिक गैस सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है।

जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से देश में खाद की भारी कमी बनी हुई है। किसानों को समय पर यूरिया और अन्य उर्वरक नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज किसानों को पर्याप्त खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। खेती की लागत बढ़ती जा रही है और उपज कम होने से किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस सचिव बी एन सिंह ने कहा कि पिछले दो महीनों से पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत से जनता परेशान है। कई पेट्रोल पंपों में ईंधन उपलब्ध नहीं है और गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के बीच लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार स्थिति सुधारने में असफल साबित हो रही है।
जिला उपाध्यक्ष और महिला आयोग की पूर्व सदस्य अर्चना उपाध्याय ने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में आम जनता महंगाई से बेहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो चुकी है।

जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। आम जनता दोहरी मार झेल रही है। आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है और जनता में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान सपना चौहान, श्याम सुंदर सोनी, राजेंद्र सिंह ठाकुर, दुष्यंत शर्मा, मनहरण लाल राठौर, नारायण लाल कुर्रे, गजानंद साहू, राकेश पंकज, अशोक लोध, गिरधारी बरेठ, डॉ. डी आर नेताम, संजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पेट्रोल-डीजल संकट, गैस की कमी और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती किल्लत का असर अब खाद्य सामग्री और परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं और केंद्र सरकार को जल्द राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


