जशपुर की नाशपाती से बदल रही किसानों की तस्वीर, हजारों परिवारों की बढ़ी आय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
3500 हेक्टेयर में हो रही नाशपाती की खेती, देशभर में बढ़ी जशपुर की मीठी नाशपाती की मांग
जशपुर, 18 मई 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम जशपुर जिले में देखने को मिल रहा है, जहां हजारों किसान नाशपाती की खेती से बेहतर आय अर्जित कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं। प्राकृतिक रूप से अनुकूल जलवायु, उपजाऊ भूमि और उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन ने जशपुर को प्रदेश के प्रमुख नाशपाती उत्पादक जिलों में शामिल कर दिया है।

जिले में वर्तमान समय में लगभग 3500 से अधिक किसान करीब 3500 हेक्टेयर क्षेत्र में नाशपाती की खेती कर रहे हैं। हर वर्ष यहां लगभग 1 लाख 75 हजार क्विंटल नाशपाती का उत्पादन हो रहा है। नाशपाती उत्पादन से हजारों किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।
जशपुर की नाशपाती अपने स्वाद, गुणवत्ता और आकर्षक आकार के कारण देश के विभिन्न राज्यों में विशेष पहचान बना चुकी है। जिले के सन्ना, पंडरापाठ, कंवई, महुआ, सोनक्यारी, मनोरा, धवईपाई और गीधा जैसे क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में नाशपाती दिल्ली, उत्तर प्रदेश, ओडिशा सहित कई राज्यों के बाजारों में भेजी जा रही है। किसानों द्वारा फलों को सावधानीपूर्वक कैरेट में पैक कर बाजार तक पहुंचाया जाता है, जिससे उनकी गुणवत्ता बनी रहती है और अच्छे दाम प्राप्त होते हैं।

नाशपाती की खेती किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। एक एकड़ क्षेत्र से किसानों को औसतन 1 लाख से 1 लाख 50 हजार रुपए तक की वार्षिक आय प्राप्त हो रही है। इससे किसान आधुनिक खेती की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।
उद्यानिकी विभाग तथा नाबार्ड के सहयोग से किसानों को पौधरोपण, बागवानी प्रबंधन, सिंचाई, फसल संरक्षण और विपणन संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत नाशपाती क्षेत्र विस्तार योजना संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से किसानों को अनुदान और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर जिले में उद्यानिकी आधारित कृषि को नई दिशा मिली है। नाशपाती की खेती न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि जशपुर को प्रदेश के उभरते हुए फल उत्पादन केंद्र के रूप में नई पहचान भी दिला रही है। आने वाले समय में यह क्षेत्र राज्य की उद्यानिकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


