बस्तर की इमली का स्वाद चख बोले अमित शाह, यहां की इमली में है मिठास
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बस्तर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- जिला रिपोर्टर बस्तर
नेतानार में शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन, अब गांव में ही मिल रही डिजिटल और ऑनलाइन सुविधाएं
बस्तर 18 मई 2026/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम स्थित सीआरपीएफ कैम्प पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्रसिद्ध इमली का स्वाद चखा और कहा कि यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी है। गृह मंत्री का यह सहज अंदाज वहां मौजूद ग्रामीणों और महिलाओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

नेतानार में स्थापित इस जन सुविधा केंद्र के माध्यम से अब ग्रामीणों को गांव में ही डिजिटल और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। पहले जहां छोटे-छोटे कामों के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, वहीं अब आधार कार्ड, केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र सहित अनेक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से भी मुलाकात की। महिलाओं ने बताया कि वे इमली का प्रसंस्करण कर उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार कर रही हैं, जिससे उनकी आमदनी में बढ़ोतरी हो रही है। समूह की सदस्य श्रीमती लंबी नाग ने बताया कि इस कार्य से वे सालाना लगभग एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी। महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता को देखकर गृह मंत्री ने उनकी सराहना की।

सेवा सेतु केंद्र में ग्राम नेतानार की श्रीमती सुखदेवी ने गृह मंत्री को बताया कि उन्होंने अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड गांव में ही बनवाया है। पहले उन्हें इसके लिए करीब 10 किलोमीटर दूर नानगुर तक पैदल जाना पड़ता था। अब गांव में सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।

ग्रामीण महिला श्रीमती सोनामनी ने बताया कि वे लंबे समय से महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी करवाना चाहती थीं, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण नहीं जा पा रही थीं। गांव में केंद्र खुलने के बाद उन्होंने आसानी से अपना काम पूरा कर लिया।

गृह मंत्री अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां महिलाओं को बेसिक और एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण ले रही महिलाओं ने बताया कि इससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी।

उन्होंने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि चावल उत्पादन और बिक्री से उनकी आय बढ़ रही है, वहीं धान की भूसी का उपयोग पशुओं के पौष्टिक आहार के रूप में किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। नेतानार में बढ़ती सुविधाओं और विकास कार्यों को देखकर यह साफ नजर आया कि अब यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित पहचान से आगे बढ़कर विकास, आत्मनिर्भरता और डिजिटल सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


