अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1740 घनमीटर रेत जप्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
महासमुंद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
आरंग तहसील में खनिज विभाग की छापेमार कार्रवाई, अवैध भंडारण और परिवहन में लगे दो हाईवा वाहन भी जप्त
रायपुर 18 मई 2026/ मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग लगातार बड़ी कार्रवाई कर रहा है। राज्य शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभागीय अमला दिन-रात सक्रिय रहकर अवैध खनन गतिविधियों पर लगाम लगाने में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के आरंग तहसील अंतर्गत ग्राम कागदेही में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर अवैध रेत जप्त की गई है।

जानकारी के अनुसार सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता तथा जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने ग्राम कागदेही क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा में स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण पाया गया।

खनिज विभाग की टीम ने मौके पर दस्तावेजों की जांच की, जिसमें छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इसके बाद खान एवं खनिज विकास और विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत को जप्त किया गया। जप्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया है।

कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान ग्राम समोदा के पास अवैध रेत परिवहन में संलग्न दो हाईवा वाहनों को भी पकड़कर जप्त किया गया। दोनों वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन की सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग द्वारा रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण और ड्रोन तकनीक के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


