केमिस्ट हड़ताल से पहले प्रशासन अलर्ट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- जिला रिपोर्टर रायपुर
दवा आपूर्ति व्यवस्था को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जारी किए निर्देश
रायपुर / ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ ने राज्य में आम नागरिकों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।
प्रशासन ने सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जीवन रक्षक औषधियों, आपातकालीन स्वास्थ्य सामग्री तथा आवश्यक चिकित्सा उत्पादों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित न हो। इसके लिए शासकीय जन औषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय अस्पतालों तथा अन्य अधिकृत दवा वितरण केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन से अपील की है कि प्रस्तावित विरोध के दौरान भी जनहित और मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे दवाओं का अनावश्यक संग्रहण न करें और घबराहट की स्थिति न बनाएं। नियमित दवा लेने वाले मरीज चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार समय पर दवाएं प्राप्त करें। आपातकालीन स्थिति में शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों और जन औषधि केंद्रों से दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


