रायगढ़ को मिली 102 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री ने दी कई बड़ी घोषणाएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता संजय जेठवानी
सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत
रायगढ़, छत्तीसगढ़। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के कुसमुरा में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 102 करोड़ 93 लाख 24 हजार रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 33 करोड़ 98 लाख 47 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 13 कार्यों का लोकार्पण तथा 68 करोड़ 94 लाख 77 हजार रुपए की लागत वाले 11 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर निरंतर आगे बढ़ रही है और अब जनता स्वयं विकास और बदलाव को महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच संवाद, विश्वास और समाधान का सशक्त माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने रायगढ़ से अपने पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जनता ने हमेशा उन्हें परिवार के सदस्य जैसा स्नेह दिया है। उन्होंने बताया कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेशभर में आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। विशेष अभियान के जरिए राजस्व प्रकरणों के समाधान से हजारों लोगों को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बकाया बोनस दिया गया है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिससे आम नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकृति देते हुए ग्राम सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही कुसमुरा में महतारी सदन निर्माण, धनागर सोसायटी के लिए खाद्य भंडारण गोदाम तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुसमुरा कॉलेज भवन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नारी शक्ति ऋण योजना और भूमिहीन मजदूर साथी योजना जैसी योजनाओं से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर विकास कार्यों को नई गति दे रही है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की आवाज
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






