नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , लेमरू में सुशासन तिहार बना जनविश्वास का पर्व – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

लेमरू में सुशासन तिहार बना जनविश्वास का पर्व

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

कोरबा, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

प्रदीप मिश्रा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हितग्राहियों से किया आत्मीय संवाद, लखपति दीदी मंजू यादव के ठेले पर लिया गुपचुप का स्वाद, विकास कार्यों की दी सौगात और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर किया त्वरित निराकरण

कोरबा ACGN:- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू पहुंचे, जहां उनका दौरा जनसंवाद, विकास और आत्मीयता का बड़ा उदाहरण बन गया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव में सुबह से ही ग्रामीण, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे थे।

मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचते ही सीधे आम लोगों के बीच जाकर उनसे संवाद किया और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।

इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास में पहुंचकर गृह प्रवेश कराया।

वर्षों तक कच्चे मकान में जीवन यापन करने वाले धरम सिंह के परिवार के लिए यह अवसर किसी त्योहार से कम नहीं रहा। परिवार ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने घर का निरीक्षण करते हुए परिवार के सदस्यों से चर्चा की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा लेकर आई है तथा सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए खूब पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना के लिए डीएमएफ मद से 60 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल मकान बनाकर ही नहीं बल्कि बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों का जीवन बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।


लेमरू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का आत्मीय और सहज रूप उस समय देखने को मिला जब वे लखपति दीदी श्रीमती मंजू यादव के घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके घर के बाहर संचालित चाट-गुपचुप एवं मंचूरियन के ठेले पर पहुंचकर गुपचुप का स्वाद लिया।

पारंपरिक परसा पत्तों के दोने में परोसे गए चटपटे गुपचुप खाते हुए मुख्यमंत्री ने उनके स्वाद और गुणवत्ता की जमकर तारीफ की। मुख्यमंत्री ने मंजू यादव से उनके व्यवसाय और आय के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।


श्रीमती मंजू यादव ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे गुपचुप, चाट और मंचूरियन की पूरी सामग्री घर पर स्वयं तैयार करती हैं और मेहनत से ठेला संचालित करती हैं। उन्होंने बताया कि ठेले के साथ-साथ वे कैटरिंग प्लेट और सेंटरिंग प्लेट से जुड़ा कार्य भी करती हैं तथा हर महीने लगभग 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि गांव की महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रही हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन चुकी है और महिलाएं छोटे व्यवसायों के जरिए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।


मुख्यमंत्री ने मंजू यादव से उनके परिवार और पति के सहयोग के बारे में भी जानकारी ली। इस पर उन्होंने बताया कि उनके पति श्री धनपत यादव भी व्यवसाय में पूरा सहयोग करते हैं और दोनों मिलकर मेहनत करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार का सहयोग और मेहनत किसी भी छोटे कार्य को बड़ी सफलता तक पहुंचा सकता है। मुख्यमंत्री ने मंजू यादव को आगे भी मेहनत करते रहने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मंजू यादव को व्यवसाय विस्तार और प्रोत्साहन के लिए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया।

जन समस्या निवारण शिविर में  पहुंचे मुख्यमंत्री जहां सबसे पहले कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने स्वागत कर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर ने बताया कि लेमरू क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

इसके बाद पश्चात उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने कम समय में “मोदी की गारंटी” के अधिकांश वादों को पूरा कर जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है और गरीबों, किसानों तथा जरूरतमंद परिवारों को राहत देने का काम लगातार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ता था लेकिन अब मुख्यमंत्री स्वयं गांवों में पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं।

मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे छत्तीसगढ़ के  वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री लगातार दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरगुजा से बस्तर तक विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि जनता का सरकार पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

सुशासन तिहार में जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार बनी है और जनता की सेवा करना ही सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार परिवार का मुखिया परिवार की चिंता करता है, उसी प्रकार सरकार भी गांव-गांव पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बन रही है।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, मजदूरों, वनवासियों और गरीब परिवारों के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा किसानों से रिकॉर्ड समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की गई है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है जिससे वनवासियों को सीधा लाभ मिल रहा है।



कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लेमरू क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। इनमें सिंचाई सुविधा के लिए एनीकट निर्माण, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, विभिन्न ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड और पुलिया निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शिविर में विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि उपकरण, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, मछली पालन सामग्री, पंप, पावर स्प्रेयर, सुपोषण टोकरी तथा स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में कोरबा नगर पालिका निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, जनपद सदस्य, सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now