मदर्स डे पर रायपुर पुलिस का “संवाद से समाधान” अभियान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
महिलाओं और माताओं को पिंक पेट्रोल, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति हेल्पलाइन की दी गई जानकारी
रायपुर, ACGN:- मदर्स डे के अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं और माताओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विशेष “संवाद से समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम गार्डन थाना कोतवाली क्षेत्र तथा फोकटपारा थाना मौदहापारा में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की “पिंक पेट्रोल यूनिट” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं और छात्राओं को बताया गया कि यदि कोई उनका पीछा करता है, अभद्र टिप्पणी करता है, सोशल मीडिया या मोबाइल के माध्यम से परेशान करता है, अश्लील हरकत करता है या फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देता है तो वे चुप न रहें और तत्काल पिंक पेट्रोल यूनिट हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 पर संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग या अन्य साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत डायल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना देने से ठगी गई राशि को वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन डायल 1933 की जानकारी भी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी हो तो तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।
इसके साथ ही आपात स्थिति, दुर्घटना, अपराध या तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की उपयोगिता और सेवाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। जागरूकता अभियान के तहत डायल 1930 और डायल 1933 से संबंधित पोस्टर सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को और मजबूत करने का प्रयास किया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






