इको-स्टेप योजना से महक उठे शहर के उद्यान, गर्मी में लोगों को मिल रहा हरियाली का सुकून
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
बैंकों के सहयोग से संवारे जा रहे गार्डन, सुबह-शाम हरियाली के बीच उमड़ रही शहरवासियों की भीड़
कोरबा ACGN:- नगर पालिक निगम कोरबा की “इको-स्टेप बैंकर्स ग्रीन एप्रोच” योजना अब शहर के उद्यानों को नई पहचान दे रही है। निगम के प्रमुख गार्डन अब “ग्रीन हट” का स्वरूप लेते नजर आ रहे हैं, जहां तपती गर्मी के बीच लोग ठंडी और हरियाली भरी फिजाओं का आनंद लेने बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सुबह और शाम के समय उद्यानों में टहलने, योग-प्राणायाम करने और परिवार के साथ सुकून के पल बिताने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
घंटाघर निहारिका मार्ग स्थित स्मृति उद्यान सहित शहर के कई प्रमुख उद्यान अब पहले से अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई दे रहे हैं। हरे-भरे पेड़-पौधे, साफ-सुथरा वातावरण और ठंडी घास लोगों को प्राकृतिक सुकून का एहसास करा रही है। वहीं उद्यानों में लगाए गए बैंकों के ब्रांडिंग बोर्ड स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।

नगर निगम की इस अभिनव योजना की शुरुआत 4 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव एवं कोरबा जिले के प्रभारी सचिव रोहित यादव तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत द्वारा की गई थी। योजना के तहत शहर के प्रमुख उद्यानों के संचालन, संधारण और संरक्षण की जिम्मेदारी विभिन्न बैंकों को सौंपी गई है। बैंक अपने सीएसआर मद से उद्यानों को बेहतर बनाने और सुविधाएं विकसित करने का कार्य कर रहे हैं।

योजना के अंतर्गत एचडीएफसी बैंक को स्मृति उद्यान, महाराष्ट्र बैंक को पुष्पलता उद्यान, इंडियन ओवरसीज बैंक को साडा कॉलोनी शिव मंदिर उद्यान, आईडीएफसी बैंक को महाराणा प्रताप उद्यान तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को रविशंकर नगर उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में शहर में स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़कों के किनारे पौधरोपण, ग्रीन कॉरिडोर निर्माण और उद्यानों के उन्नयन से शहर का वातावरण पहले से अधिक हराभरा नजर आने लगा है।

इस योजना से नगर निगम को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। पहले उद्यानों के रखरखाव पर प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपए खर्च होते थे, लेकिन अब बैंकों के सहयोग से यह खर्च बच रहा है और उद्यानों की व्यवस्थाएं भी अधिक बेहतर हो गई हैं। शहरवासी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






