छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पुष्पा साहू को माध्यमिक शिक्षा मंडल और रोक्तिमा यादव को कोरिया कलेक्टर की जिम्मेदारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
राज्य शासन ने शिक्षा और जिला प्रशासन में किए अहम बदलाव, कई आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन में कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। शासन के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता तथा समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल के पद पर नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि 6 मई 2026 को जारी आदेश में उन्हें जिला कोरिया का कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन अब उस आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी प्रकार वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को जिला कोरिया का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे आगामी आदेश तक इस पद का कार्यभार संभालेंगी। इससे पहले जारी आदेश में उन्हें आयुक्त उच्च शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया था, जिसे अब संशोधित कर जिला कलेक्टर कोरिया की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं वर्ष 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को आयुक्त उच्च शिक्षा के पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान यानी रूसा के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन के आदेश के अनुसार उनके पदभार ग्रहण करते ही यह पद वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष माना जाएगा।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। शासन स्तर पर माना जा रहा है कि अनुभवी अधिकारियों की नई पदस्थापना से विभागीय कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय देखने को मिलेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






