धरमजयगढ़ में फिर पकड़ा गया गौवंश से भरा वाहन, कार्रवाई को लेकर उठने लगे सवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
दो पिकअप वाहनों में ले जाए जा रहे थे आठ मवेशी, गो रक्षकों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
धरमजयगढ़ ACGN:- धरमजयगढ़ क्षेत्र में गौवंश परिवहन को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। शुक्रवार को दो अलग-अलग पिकअप वाहनों में करीब आठ मवेशियों को ले जाया जा रहा था, जिसे गो रक्षकों ने रोककर धरमजयगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है और लोगों के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए वाहन चालकों और उनके साथ मौजूद लोगों ने बताया कि वे सीतापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं तथा गौवंश को खेती-किसानी के कार्य के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि इस दावे के बाद भी स्थानीय लोगों के बीच संदेह बना हुआ है। लोगों का कहना है कि आखिर बार-बार इस तरह पिकअप वाहनों में गौवंश परिवहन के मामले क्यों सामने आ रहे हैं और ऐसे मामलों में पुलिस की अंतिम कार्रवाई क्या होती है।
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि पहले भी कई बार गौवंश से भरे वाहन धरमजयगढ़ थाना लाए जा चुके हैं, लेकिन उन मामलों में क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या नियमों के तहत इस प्रकार पिकअप वाहनों में गौवंश का परिवहन किया जा सकता है और यदि अनुमति है तो उसके लिए किन दस्तावेजों और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन जरूरी होता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार वाहन चालक कुछ कागजात या पर्चियां दिखाकर थाने से छोड़ दिए जाते हैं और कुछ समय बाद फिर इसी तरह के मामले सामने आ जाते हैं। ऐसे आरोपों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि केवल वाहन पकड़कर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिस को यह भी जांच करनी चाहिए कि जिन लोगों द्वारा खेती-किसानी के नाम पर गौवंश ले जाने का दावा किया जाता है, क्या वास्तव में उनके पास उतनी कृषि भूमि, पशुपालन की व्यवस्था और मवेशियों के रखरखाव की सुविधा मौजूद है या नहीं।
स्थानीय लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि कुछ सप्ताह बाद यह सत्यापन भी किया जाए कि संबंधित गौवंश वास्तव में उन्हीं लोगों के पास मौजूद हैं या नहीं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और अब लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






