ऑपरेशन अंकुश में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का भंडाफोड़
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
आईपीएल मैचों की आड़ में चल रहे ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, पांच सट्टा खाईवाल गिरफ्तार
रायगढ़ ACGN:- आईपीएल मैचों की आड़ में जिले में संचालित हो रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन अंकुश” के तहत शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर पांच सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, छह महंगे मोबाइल फोन, नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में की गई, जहां साकेत सिंघानिया मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन और सट्टे से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में अन्य साथियों के साथ मिलकर नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक क्षेत्र में की गई, जहां एक राशन दुकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस टीम ने मौके से रितेश डालमिया को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क संचालित करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने चांदमारी इलाके में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल के साथ 2 लाख 69 हजार रुपये नकद और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।

तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में की गई, जहां किराए के मकान के दूसरे तल से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन सट्टे के डिजिटल रिकॉर्ड मिले। आरोपी ने पूछताछ में पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो मोबाइल जब्त किया, जिसमें करीब 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य मिले। मामले में पिंटू हलवाई फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई गौतम ठाकुर, अमृत मिंज, विल्फ्रेड मसीह, नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह, बृजलाल गुर्जर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी रायगढ़
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। रायगढ़ पुलिस तकनीकी और जमीनी स्तर पर ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






