सड़क हादसे में घायल युवक को मिला कैशलेस इलाज, रायगढ़ जिले में पहला मामला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
रायगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की त्वरित पहल से PM राहत योजना के तहत डेढ़ लाख तक उपचार सुविधा शुरू
रायगढ़ ACGN:- सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिले में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। थाना खरसिया क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को रायगढ़ पुलिस, जिला प्रशासन और eDAR टीम की तत्परता से प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार सुविधा दिलाई गई है। जिले में इस योजना के तहत कैशलेस इलाज का यह पहला मामला माना जा रहा है, जिसे लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग की सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 की दोपहर थाना खरसिया क्षेत्र के सोनबरसा मेन रोड पर मोटरसाइकिल और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार गुलशन राठिया, संजू राठिया और लव कुमार श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों घायलों को रायगढ़ रेफर कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय लव कुमार श्रीवास को परिजन इलाज के लिए रायगढ़ स्थित श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और eDAR टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घायल युवक को PM राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। eDAR जिला प्रभारी दुर्गा प्रसाद प्रधान ने मामले की जानकारी डिप्टी कलेक्टर प्रियंका वर्मा और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह को दी, जिसके बाद अस्पताल से ही आवश्यक दस्तावेज और दुर्घटना संबंधी जानकारी TMS पोर्टल पर अपलोड की गई।
डीएसपी ट्रैफिक के निर्देश पर थाना खरसिया से प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे को घटनास्थल भेजकर एक्सीडेंट आईडी जनरेट कराई गई तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घायलों का पूरा विवरण अपडेट किया गया। थाना और ट्रैफिक शाखा से स्वीकृति मिलने के बाद कलेक्टर रायगढ़ की मंजूरी से घायल युवक का PM राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे गंभीर घायलों को तत्काल बेहतर उपचार मिल सके। आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी दिया जाता है।
इस मामले में थाना खरसिया में मालती राठिया की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की जान बचाने के लिए समय पर उपचार सबसे महत्वपूर्ण होता है और इसी उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन लगातार समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और रायगढ़ पुलिस जिला प्रशासन के साथ मिलकर हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






