सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, अर्जुनी शिविर में सैकड़ों समस्याओं का मौके पर निराकरण, अब घीना में लगेगा अगला शिविर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद
By ACGN 7647981711, 9303948009
शासन की योजनाओं से लाभान्वित हुए हजारों ग्रामीण, 08 मई को घीना में जनसमस्या निवारण शिविर के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी
बालोद ACGN:- सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। गुरूर विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में आयोजित विशाल शिविर में जहां हजारों ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला, वहीं अब डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम घीना में 08 मई को अगले जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है।

ग्राम अर्जुनी के स्कूल मैदान में आयोजित शिविर में अर्जुनी सहित आसपास के 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करते हुए हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल और आईस बॉक्स, सहकारिता विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और निक्षय पोषण किट वितरित किए गए।

इसी तरह समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को श्रवण यंत्र और छड़ी प्रदान की गई, जबकि राजस्व विभाग ने स्वामित्व योजना के तहत अधिकार पत्र वितरित किए।

मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता प्रमाण पत्र सहित कई योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड लगाकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए।

शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की गई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। अर्जुनी शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 721 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 636 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया।

शिविर में जनपद पंचायत गुरूर के उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू, जिला पंचायत सदस्य चंद्रिका गंजीर, तेजराम साहू, एसडीएम आरके सोनकर, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों ने शिविर को संबोधित करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। इस दौरान जल संरक्षण और “नीर चेतना अभियान” के तहत लोगों को पानी बचाने की शपथ भी दिलाई गई।
08 मई को डौण्डीलोहारा विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल घीना में आयोजित होगा शिविर
वहीं दूसरी ओर डौण्डीलोहारा विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल घीना में 08 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीण शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार शिविर स्थल पर शीतल पेयजल, कूलर तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही ग्रामीणों तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया है। शिविर में राजस्व पखवाड़ा शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे लोगों को राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल सके।
सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन द्वारा गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान किए जाने से ग्रामीणों में उत्साह और शासन के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






