डीएनए साक्ष्य पर पुलिस अधिकारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ऑनलाइन कार्यशाला में 200 अधिकारियों ने लिया हिस्सा, विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों पर जोर
बिलासपुर ACGN:- अपराधों की विवेचना को और अधिक मजबूत व वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बिलासपुर रेंज में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग के निर्देशन में डीएनए एवं जैविक-भौतिक साक्ष्य संकलन और परीक्षण विषय पर एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया, जिसमें रेंज के विभिन्न जिलों से लगभग 200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यशाला में हत्या, बलात्कार और अन्य गंभीर अपराधों की जांच के दौरान साक्ष्य संकलन में होने वाली त्रुटियों को सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि सही तरीके से साक्ष्य संकलन और परीक्षण न होने पर कई बार आरोपी को लाभ मिल जाता है और वे दोषमुक्त हो जाते हैं। डीएनए साक्ष्य को आधुनिक न्याय प्रणाली का मजबूत आधार बताते हुए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विज्ञान प्रयोगशाला बिलासपुर की वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रियंका लकड़ा और डॉ. स्वाति कुजूर ने प्रस्तुति के माध्यम से न्यायालयिक डीएनए और फॉरेंसिक बायोलॉजी के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रक्त, लार, बाल, हड्डी सहित विभिन्न जैविक साक्ष्य अपराधियों की पहचान में अहम भूमिका निभाते हैं और यह तकनीक निर्दोष लोगों को बचाने में भी कारगर साबित होती है।

साथ ही अधिकारियों को साक्ष्य संकलन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया, जिसमें नमी और तापमान से बचाव, कागज के बैग में साक्ष्य सुरक्षित रखना और चेन ऑफ कस्टडी का पालन करना शामिल है। कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और विशेषज्ञों ने उनका समाधान दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सफल आयोजन के लिए वैज्ञानिक अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






