मेडिसिटी की दिशा में बड़ा कदम, बॉम्बे हॉस्पिटल को जमीन आवंटन पूरा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
चार माह में लीज-रजिस्ट्री पूरी, ₹680 करोड़ से बनेगा 300 बिस्तरों का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल
रायपुर ACGN:- नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के बड़े हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के साथ ही नवा रायपुर में मेडिसिटी के विकास को ठोस गति मिल गई है।
राज्य सरकार द्वारा 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किए जाने के बाद महज चार माह के भीतर जमीन चिन्हांकन, सभी आवश्यक स्वीकृतियां और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इतनी कम समय-सीमा में प्रक्रिया पूर्ण होना छत्तीसगढ़ की तेज, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से आबंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट लगभग 680 करोड़ रुपये की लागत से 300 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करेगा। यह बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल होगा। इससे पहले मुंबई, इंदौर और जयपुर में ट्रस्ट के अस्पताल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
इस अस्पताल के शुरू होने से कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध होंगी। इससे छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिसमें डॉक्टर, सर्जन, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। साथ ही हेल्थकेयर से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। इससे प्रदेशवासियों को अपने राज्य में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का निवेश छत्तीसगढ़ की नीतिगत स्थिरता और सरकार के प्रति निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहन और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जो नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया का प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते है निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरे
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































