शासकीय भूमि फर्जी दस्तावेज से बेचने वाला फरार आरोपी सरकंडा पुलिस के शिकंजे में
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
घास भूमि को निजी बताकर करोड़ों की ठगी, 8 माह बाद आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर ACGN:- सरकंडा थाना क्षेत्र में शासकीय घास भूमि को अपनी बताकर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को सरकंडा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीते आठ माह से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मामले में पीड़ित मोहम्मद आजम खान निवासी विकास नगर कुसमुंडा, जिला कोरबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में ग्राम खमतराई स्थित खसरा नंबर 559/1/थ/6 की 1500 वर्गफुट भूमि नदीम अहमद के माध्यम से 18 लाख 75 हजार रुपये में क्रय की गई थी। बाद में नामांतरण के दौरान तहसील कार्यालय से यह स्पष्ट हुआ कि उक्त भूमि शासकीय घास एवं जंगल मद की है, जिसकी खरीद-बिक्री कलेक्टर की अनुमति के बिना संभव नहीं है।
जांच में सामने आया कि आरोपी नदीम अहमद ने अपने साथियों श्रेयांश कौशिक और विश्वनाथ राय के साथ मिलकर शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और अलग-अलग लोगों को भूमि बेचकर धोखाधड़ी की। इसी तरह गीतांजली सिटी फेस-2 निवासी कौशिल्या थवाईत एवं रामनगर चिंगराजपारा निवासी संजय कुमार जायसवाल ने भी थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 759/2025, 760/2025 और 867/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी नदीम अहमद लगातार फरार था। 21 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि आरोपी अपने निवास टिकरापारा, पुराना हाईकोर्ट के पीछे आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार और सीएसपी सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी नदीम अहमद को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिक्री करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






