कभी नक्सलवाद थी पहचान, अब विकास की नई कहानी, भारत पर्व में बस्तर ने पूरे देश का खींचा ध्यान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 75 कलाकारों ने दिखाई बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और नाट्य मंचन से राष्ट्रीय मंच पर गूंजा बदलाव का संदेश।
रायपुर ACGN:- कभी नक्सलवाद और हिंसा की चुनौतियों के कारण चर्चा में रहने वाले बस्तर की तस्वीर अब देश के सामने एक नए रूप में प्रस्तुत हो रही है। यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक लोककला और विकास की बदलती कहानी ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए संस्कृति और बदलाव का संदेश दिया।

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और देशभर से पहुंचे गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रही। करीब 5 हजार कलाकारों की सहभागिता वाले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के बस्तर की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।

75 कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन से बांधा समां
कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा।

नाटक में दिखाई नक्सलवाद से विकास तक की यात्रा
इस आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण प्रस्तुति बस्तर की उस यात्रा पर आधारित रही, जिसमें नक्सलवाद की चुनौतियों से निकलकर विकास और शांति की ओर बढ़ते क्षेत्र की तस्वीर दिखाई गई। नाट्य मंचन के माध्यम से बताया गया कि किस तरह सड़कों, पुल-पुलियों, स्कूलों और कॉलेजों जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव की नई उम्मीद जगा रहा है।
कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुति के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया कि विकास की राह पर आगे बढ़ते बस्तर में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। मंच पर दिखाई गई यह कहानी दर्शकों के लिए केवल एक नाटक नहीं, बल्कि संघर्ष से उम्मीद और बदलाव तक का भावनात्मक सफर बन गई।

मांदरी नृत्य और बांस शिल्प ने भी बिखेरी छत्तीसगढ़ की चमक
बस्तर की पहचान केवल नाट्य मंचन तक सीमित नहीं रही। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज पर प्रस्तुत मांदरी लोकनृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला को भी देशभर से आए लोगों ने सराहा।
उत्सव के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया था। इस विविधता के बीच बस्तर की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और विकास की कहानी ने अपनी अलग पहचान बनाई।

‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर के कलाकारों की सहभागिता ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाई। इस आयोजन के माध्यम से एक संदेश भी सामने आया कि बस्तर की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी परंपराओं, लोककलाओं और विकास की संभावनाओं से भी है। हिंसा की चुनौतियों के बीच शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ते बस्तर की यह तस्वीर देशभर के सामने एक नई उम्मीद के रूप में प्रस्तुत हुई।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
जनहित की खबर, जनसमस्या या क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारी हम तक पहुंचाएं। संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































