नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , राशन दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, GPS ट्रैकर ने खोला राज; 5 आरोपी गिरफ्तार – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

राशन दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, GPS ट्रैकर ने खोला राज; 5 आरोपी गिरफ्तार

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊


रायगढ़, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी

शासकीय राशन दुकानों से चावल-शक्कर चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद; क्रेटा-इनोवा समेत ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त।

रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने GPS ट्रैकर की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चार कथित चोर और चोरी का माल खरीदने का आरोपी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की गई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा और इनोवा कार भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 38.60 लाख रुपये बताई है। मामले में नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।


      लगातार चोरी से परेशान थे राशन दुकान संचालक
पुलिस के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में इस वर्ष शासकीय राशन दुकानों से चावल और शक्कर चोरी होने की कई घटनाएं सामने आई थीं। ग्राम औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी सहित कई स्थानों पर चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं।
लगातार हो रही घटनाओं से परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और पुसौर थाना प्रभारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुसौर पुलिस ने घटनाओं का विश्लेषण शुरू किया। जांच में सामने आया कि चोर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे और राशन दुकानों से चावल-शक्कर की बोरियां चोरी कर फरार हो जाते थे। घटनाओं में एक जैसा तरीका सामने आने पर पुलिस को संगठित गिरोह की संलिप्तता का संदेह हुआ।


   शक्कर की बोरी में छिपाया GPS ट्रैकर, ऐसे खुला राज
चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने राशन दुकान संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के साथ कम लागत वाले GPS ट्रैकर के उपयोग के बारे में भी बताया।
पुलिस के अनुसार, घटनाओं के विश्लेषण में यह बात सामने आई थी कि आरोपी अक्सर पहले शक्कर की बोरियां उठाते थे। इसी आधार पर एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर रखा गया, ताकि चोरी होने की स्थिति में उसके जरिए आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी हुई। आरोपी ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी उठा ले गए, लेकिन उन्हें उसके भीतर लगे GPS ट्रैकर की जानकारी नहीं थी। चोरी की सूचना पर पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) और 331(4) में मामला दर्ज किया गया।


ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची पुलिस
चोरी की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस ने GPS ट्रैकर के संकेतों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को संकेतों से आरोपियों के रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव और रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का माल बेचने के इरादे से उसके पास छोड़कर गए थे।


इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा और एक इनोवा कार भी बरामद की, जिनमें चावल की बोरियां रखी हुई थीं।


        चार कथित चोर और एक खरीददार गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सेवाल कुजूर (52 वर्ष), निवासी जिला जशपुर; समीर आलम (26 वर्ष), निवासी जिला बलरामपुर; मोहम्मद हफीज (26 वर्ष), संतोष कुमार माहेश्वरी (33 वर्ष) और डमरूधर खूंटे (36 वर्ष), निवासी जिला जशपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि चोरी का माल पहले भी सेवाल कुजूर को बेचे जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में पुलिस अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
      115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वाहन जब्त
पुलिस के मुताबिक, अब तक की कार्रवाई में कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की गई है, जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार रुपये है। चोरी में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 38 लाख 60 हजार रुपये आंका गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 111 और 3(5) भी जोड़ी गई हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य समूहों से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच जारी है और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एसएसपी ने आधुनिक तकनीक के उपयोग को बताया महत्वपूर्ण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय राशन दुकानों में हो रही चोरी का पुलिस ने सूझबूझ से खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि संगठित रूप से अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चोरी की संपत्ति बरामद करने के साथ अपराध में सहयोग करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच समन्वय तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण है।
                पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के पर्यवेक्षण में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी इगेश्वर यादव, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक डोल नारायण साव, श्यामलाल महंत, अमित तिर्की तथा आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, रामचरण खांडेकर, ठंडाराम गुप्ता और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें।                 7647981711, 9303948009।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now