पिता की तेरहवीं पर बेटे को मिली नौकरी, पुलिस कप्तान ने घर पहुंचकर सौंपा नियुक्ति पत्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर मिली अनुकम्पा नियुक्ति, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार को बंधाया ढांढस
जशपुर ACGN:- पिता के जाने का गम अभी ताजा था, घर में तेरहवीं की रस्म चल रही थी और परिवार अपूरणीय क्षति के दर्द से गुजर रहा था। इसी बीच जशपुर पुलिस की ओर से दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के लिए संवेदनशील पहल सामने आई। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं दिवंगत आरक्षक के गृह ग्राम पहुंचे और उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह स्वास्थ्य खराब होने के बाद उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती थे। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए देव नारायण सिंह ने अपने सेवाकाल में रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में अपनी सेवाएं दी थीं।

उनके निधन के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया। विभागीय कार्यवाही पूरी होने के बाद 23 सितंबर 2026 को दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन पुलिस कप्तान स्वयं उनके परिवार से मिलने गृह ग्राम पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने स्व. देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक की पुलिस सेवा को स्मरण करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ है। भविष्य में परिवार के सामने किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा समस्या आने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
पुलिस कप्तान ने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































