विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं – सेवा संकल्प अभियान में बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा मंच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
जिले के सभी विद्यालयों में होंगी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, 18 सितंबर को चित्रकला और 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी के साथ भाषण प्रतियोगिता
कोरबा ACGN:- सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले के विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर मिलेगा। संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरबा द्वारा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के साथ केंद्रीय विद्यालय, संयुक्त एकलव्य विद्यालय और प्रयास विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक सरोकार और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत 18 सितंबर 2026 को विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा 19 सितंबर को विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
ढाई घंटे में दिखानी होगी चित्रकारी की प्रतिभा
चित्रकला प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को 2 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। दो पालियों में संचालित विद्यालयों में प्रथम पाली के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से तथा द्वितीय पाली के विद्यार्थियों के लिए दोपहर 1 बजे से आयोजित होगी।
प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों के लिए ए-3 आकार की शीट तथा माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों के लिए ए-2 आकार की शीट निर्धारित की गई है। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार पेंसिल, जलरंग अथवा स्केच पेन का उपयोग कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में उपयोग की जाने वाली प्रत्येक शीट पर विद्यार्थी का नाम, विद्यालय, विकासखंड और जिले का नाम स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा।
19 सितंबर को लगेगी चित्रों की प्रदर्शनी
19 सितंबर को विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस आयोजन में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय विधायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच देना ही नहीं, बल्कि विद्यालय की गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता को भी बढ़ाना है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों के माध्यम से उनकी कल्पनाशक्ति, सामाजिक सोच और रचनात्मक दृष्टिकोण को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
विकासखंड स्तर पर इन केंद्रों में होंगे आयोजन
विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं सुबह 11 बजे से निर्धारित केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। करतला विकासखंड में सेजस करतला, कोरबा विकासखंड में सेजस पंप हाउस कोरबा, कटघोरा विकासखंड में सेजस कटघोरा, पाली विकासखंड में सेजस अंग्रेजी पाली तथा पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड में सेजस पोड़ीउपरोड़ा को आयोजन केंद्र बनाया गया है।
विकासखंड स्तर के आयोजन के लिए करतला में श्री दुबराज सिंह राठिया को प्रभारी और श्री जोहन चौहान को नोडल अधिकारी, कोरबा में श्रीमती प्रभा सिंह को प्रभारी और श्री अनिल रात्रे को नोडल अधिकारी, कटघोरा में श्री एम.एस. कंवर को प्रभारी और श्री प्रहलाद साहू को नोडल अधिकारी, पाली में श्री आर. लहरे को प्रभारी और श्री रामगोपाल जायसवाल को नोडल अधिकारी तथा पोड़ीउपरोड़ा में श्री रविन्द्र सिंह को प्रभारी और श्री सुनील खैरवार को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
20 सितंबर तक देना होगा आयोजन का प्रतिवेदन
आयोजन के बाद सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों को प्रतियोगिता में शामिल और विजयी छात्र-छात्राओं की जानकारी निर्धारित ए-4 आकार के कागज में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में उपलब्ध करानी होगी।
इसके साथ ही आयोजन से संबंधित 20 से 25 सेकंड के वीडियो अथवा रील का संकुलवार पीडीएफ भी तैयार कर 20 सितंबर 2026 तक संबंधित खंड स्रोत समन्वयक को उपलब्ध कराना होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिले के सभी विद्यालयों को अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में शामिल करने पर जोर दिया गया है, ताकि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को भी प्रोत्साहन मिल सके।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार, जनहित के मुद्दे, जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ व अन्य कार्यक्रमों के विज्ञापन, संस्था–संगठन के विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7647981711, 9303948009।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ के लिए सभी जिलों, राज्यों एवं ब्लॉक स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































