पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग, गुरसियां में मची अफरा-तफरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर बड़ा हादसा, चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
कोरबा ACGN:- कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल और डीजल से लोडेड टैंकर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। टैंकर में करीब 4 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है। आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
खाना खाने के बाद स्टार्ट किया टैंकर, बैटरी से निकली चिंगारी
टैंकर चालक के मुताबिक वाहन खाना खाने के लिए होटल के पास खड़ा किया गया था। खाना खाने के बाद जैसे ही चालक ने टैंकर स्टार्ट किया, उसी दौरान बैटरी की ओर से अचानक चिंगारी निकली और आग भड़क उठी। चालक और कंडक्टर ने तत्काल टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
चालक ने बताया कि आग बुझाने के लिए वाहन में रखे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विनोद राजपूत, एसडीएम श्री बंजारे और बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, आसपास के इलाके में दहशत
टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल होने के कारण आग की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी क्षेत्र को खाली कराने की कार्रवाई भी शुरू की गई। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन प्रभावित हुआ।
ईंधन से भरे टैंकर में आग लगने की घटना ने एक बड़े संभावित हादसे की आशंका पैदा कर दी थी। राहत की बात यह रही कि चालक और कंडक्टर समय रहते वाहन से बाहर निकल गए और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
दमकल की टीम पहुंची, काफी मशक्कत के बाद बुझी आग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दमकल वाहन के मौके पर पहुंचते ही जवानों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
गोपालपुर ऑयल डिपो से वाड्रफनगर की ओर जा रहा था टैंकर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर कोरबा क्षेत्र के गोपालपुर ऑयल डिपो से पेट्रोल लेकर वाड्राफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। इसी दौरान दोबारा वाहन स्टार्ट करने पर आग लगने की घटना सामने आई।
घटना के बाद पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था संभाली गई और मौके पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए। आग लगने के वास्तविक कारणों और टैंकर में लोड ईंधन की मात्रा की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































