मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत की, हर गांव में मुक्तिधाम और हर स्कूल में बनेगा बालिका शौचालय
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
15 अगस्त से 26 जनवरी तक चलेगा विशेष अभियान, वीबी-जी राम जी मिशन से 6,855 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिलेगी गति
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि यह विशेष अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इस दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह अभियान केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, ग्रामीण स्वच्छता, सामाजिक गरिमा और समग्र विकास की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 286.85 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में 6,671 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक शौचालय की अनुमानित लागत 4.30 लाख रुपये होगी। वहीं 391.44 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के 6,524 गांवों में प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 549 अन्य मुक्तिधामों का निर्माण भी कराया जाएगा, जिन पर 18.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश के 10,027 बंद अथवा अनुपयोगी बोरवेलों में सैंड फिल्टर एवं रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 52.14 करोड़ रुपये की इस योजना से भू-जल स्तर बढ़ाने, वर्षा जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना पूरे देश में 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है। इस योजना के अंतर्गत सभी विकास कार्य ग्राम सभा की स्वीकृति से किए जाएंगे तथा मजदूरी की दर बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी-जी राम जी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को लगभग 6,855 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे, जो ग्रामीण विकास और रोजगार के लिए अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय निवेश है। भारत सरकार से प्रथम किस्त के रूप में 1,538 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना में किसानों और श्रमिकों दोनों के हितों का संतुलित ध्यान रखा गया है। कृषि कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए वर्ष में 60 दिनों तक योजना के कार्य बंद रखने का प्रावधान किया गया है, जिससे खेती और रोजगार दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 318 प्रकार के विकास कार्यों को शामिल किया गया है। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। तालाब, चेकडैम, सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, अतिरिक्त स्कूल कक्ष, पुस्तकालय, किचन शेड, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पशु चिकित्सालय, ग्रामीण हाट-बाजार, डेयरी, मत्स्य पालन तथा कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने योजना के क्रियान्वयन की तैयारियों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। श्रमिकों की 98 प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कर राज्य देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि परिसंपत्तियों की 99 प्रतिशत जियो टैगिंग के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस आधारित ग्राम पंचायत कार्ययोजना तैयार करने में भी राज्य अग्रणी रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जल संरक्षण, शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक अधोसंरचना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित गांवों का निर्माण करना है। प्रत्येक कार्य ग्राम सभा की स्वीकृति से किया जाएगा तथा डिजिटल मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, समय पर मजदूरी भुगतान और सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से योजना का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा, अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, वीबी-जी राम जी के आयुक्त श्री तारन प्रकाश सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


