मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन शुरू, कलाकारों को मिलेगा आर्थिक संबल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
31 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित, चयनित लोक कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के पात्र लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करना, लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाना है।
योजना के अंतर्गत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पाक कला तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य लोक कलाकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
योजना के तहत पात्र कलाकारों का ‘चिन्हारी पोर्टल’ में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह सहायता प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है।
आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर (अटल नगर) भेजे जा सकते हैं। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट एवं संचालनालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि उन कलाकारों के सम्मान और स्वाभिमान को मजबूत करने का माध्यम है, जिन्होंने वर्षों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखा है।
उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। उनका कहना है कि इस पहल से प्रदेश की लोक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी तथा लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


