MGM स्कूल में यातायात, महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित एमजीएम स्कूल में यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित जीवनशैली अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस की डीसीपी डॉ. अर्चना झा और एसीपी यातायात श्रीमती सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही महिला सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए हर नागरिक से जागरूक और संवेदनशील बनने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में थाना खम्हारडीह से पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सभी की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय की प्राचार्य ने यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर तथा उपस्थित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समन्वय और सफल संचालन में एनजीओ पुलिस मित्र की सदस्य सुश्री रोशना डेविड की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सभी ने सराहना की।
समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने यातायात नियमों का पालन करने, महिला सम्मान और सुरक्षा को बढ़ावा देने, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। यातायात पुलिस ने भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित करने की बात कहते हुए नागरिकों से सुरक्षित, अनुशासित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


