सूरजपुर में किरायेदारों का पुलिस सत्यापन हुआ अनिवार्य, बिना सत्यापन मकान देना पड़ेगा भारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संतोष यादव
कलेक्टर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया आदेश, होटल, लॉज और संस्थानों को भी कर्मचारियों का विवरण पुलिस को देना होगा।
सूरजपुर ACGN :- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रेना जमील ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के प्रतिवेदन पर जारी यह आदेश जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अब जिले में किसी भी मकान, भवन, दुकान अथवा अन्य परिसर को किराये पर देने से पहले संबंधित किरायेदार का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। मकान मालिकों को किरायेदार का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र सहित आवश्यक जानकारी संबंधित थाना या चौकी में उपलब्ध करानी होगी। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर आवास या भवन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
आदेश में होटल, लॉज, ढाबा संचालकों तथा निजी संस्थानों को भी अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का विवरण संबंधित थाना में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई किरायेदार या संदिग्ध व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देना अनिवार्य होगा।
प्रशासन का मानना है कि किरायेदारों का सत्यापन नहीं होने के कारण कई बार असामाजिक एवं आपराधिक तत्व अपनी पहचान छिपाकर वारदातों को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दंडनीय होगा। यह आदेश जारी होने की तिथि से 60 दिनों तक अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि किरायेदारों का सत्यापन केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज और परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी मकान मालिक, होटल संचालक एवं संस्थान प्रमुख इस आदेश का पालन करते हुए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सूरजपुर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त बनाया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


