सूरजपुर आ रही है ‘जीवन की ट्रेन’! 16 अगस्त से निःशुल्क जांच और सर्जरी का मिलेगा सुनहरा अवसर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संतोष यादव
विश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक लगेगा लाइफलाइन एक्सप्रेस स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच और जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क सर्जरी।
सूरजपुर ACGN :- जिले के जरूरतमंद नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 पर विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी तथा आवश्यकता होने पर निःशुल्क सर्जरी भी की जाएगी।
शिविर में आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन, कान की जांच एवं सर्जरी, कटे-फटे होंठ और जलने के बाद होने वाले संकुचन की प्लास्टिक सर्जरी, दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच और सर्जरी भी पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार आंखों की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तथा सर्जरी 17 से 22 अगस्त तक होगी। कान संबंधी ओपीडी 22 से 27 अगस्त और सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक चलेगी। प्लास्टिक सर्जरी एवं मुड़े हुए हाथ-पैर की ओपीडी 28 से 31 अगस्त तथा सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक होगी। दंत चिकित्सा सेवाएं 1 से 5 सितंबर तक उपलब्ध रहेंगी, जबकि महिलाओं के लिए स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच 16 से 21 अगस्त तक की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन इस शिविर की तैयारियों में जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र मरीजों की पहचान कर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं तथा जनप्रतिनिधियों से भी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इस शिविर से जोड़ने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं और अपने साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा अन्य वैध पहचान पत्र लेकर आएं। भर्ती मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति होगी।
अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


