दो गंभीर मामलों में वांछित आशु चुटैल उर्फ घोड़ा गिरफ्तार, चाकू बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
जानलेवा हमला और थार वाहन आगजनी प्रकरण में सिविल लाइन रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू।
कोरबा ACGN :- कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में वांछित आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू भी बरामद किया है। वहीं थार वाहन आगजनी प्रकरण में शामिल विधि से संघर्षरत एक बालक को भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत 7 जून 2026 की रात बुधवारी स्थित एक गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने पहले प्रार्थी का रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आशु चुटैल उर्फ घोड़ा ने कथित तौर पर हत्या की नीयत से प्रार्थी के पेट में चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इसी तरह थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत थार वाहन में आगजनी के मामले में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस प्रकरण में पहले ही एक आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब फरार चल रहे आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मामले में शामिल विधि से संघर्षरत एक बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। इस कार्रवाई के साथ थार वाहन आगजनी प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी तथा अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी, कोरबा को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तकनीकी साक्ष्यों तथा प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से कानून का शिकंजा लगातार कसता रहेगा।
आरोपियों के नाम :
आशु चुटैल उर्फ घोड़ा (गिरफ्तार)
दिव्य साहू (पूर्व में गिरफ्तार)
एक विधि से संघर्षरत बालक (अभिरक्षा में)
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


