नवीन आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी, छात्राओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार, नए कानूनी प्रावधान, “गुड टच–बैड टच” और साइबर सुरक्षा पर पुलिस अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी।
कोरबा ACGN :- कोरबा पुलिस द्वारा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रति आमजन, विशेषकर छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की सरल और सहज भाषा में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में नए कानूनों की विशेषताओं, विभिन्न अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के अधिकारों तथा पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सुविधाओं को आकर्षक चित्रों और सरल जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साडा कन्या शाला सहित अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नए कानूनों की जानकारी प्राप्त की।
जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी श्रीमती प्रतिभा मरकाम ने बताया कि नवीन आपराधिक कानूनों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि नए प्रावधानों का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित न्याय, बेहतर कानूनी संरक्षण और अधिक प्रभावी न्यायिक प्रक्रिया उपलब्ध कराना है। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम में “गुड टच–बैड टच” विषय पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से जागरूकता वीडियो दिखाकर छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, अनुचित व्यवहार होने पर तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों, विश्वसनीय वयस्कों अथवा पुलिस को सूचना देने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नए कानूनों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। छात्राओं ने इस पहल को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री अनथ राम पैकरा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानूनों की जानकारी प्राप्त कर जागरूक नागरिक बनने तथा समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


