सीसीटीएनएस कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर एसपी का फोकस, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN | 7647 981 711, 9303948009
कोरबा, 30 जुलाई 2026। जिले में अपराधों के डिजिटल रिकॉर्ड को अधिक प्रभावी, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा ने सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर संचालित सीसीटीएनएस कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न मॉड्यूलों में डाटा एंट्री की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी से जुड़े सीसीटीएनएस कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस पोर्टल में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि पूर्णतः सही, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री न केवल अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी बनाती है, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रिया और अपराध संबंधी अभिलेखों की विश्वसनीयता भी सुनिश्चित करती है।

बैठक में फॉर्म एंट्री, MedLEaPR, VCNB, ई-साक्ष्य, अंतिम प्रतिवेदन (Final Report), मालखाना एंट्री, ई-साइन एफआईआर एवं चार्जशीट सहित अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि भविष्य में तकनीकी एवं न्यायिक कठिनाइयों का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में प्रार्थी, आरोपी एवं पीड़ित का नाम, पिता अथवा पति का नाम, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारियों का सत्यापन करने के बाद ही डाटा दर्ज किया जाए। साथ ही सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समयबद्ध डाटा एंट्री, लंबित प्रकरणों के प्रभावी निराकरण तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित कर्मचारियों की पुलिस अधीक्षक ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे और जिले में सीसीटीएनएस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग और सटीक डिजिटल रिकॉर्ड अपराध नियंत्रण एवं त्वरित न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
प्रदीप मिश्रा
संपादक, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


