बस्तर से सरगुजा तक रेल नेटवर्क विस्तार की तैयारी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री से की निर्णायक चर्चा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
कटघोरा-डोंगरगढ़ सहित कई नई रेल परियोजनाओं को गति देने पर मंथन, उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
By ACGN | 7647 981711, 930394 8009
रायपुर, 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के व्यापक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर प्रदेश की प्रमुख रेल परियोजनाओं और लंबित रेल लाइनों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू तथा राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पांडे भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में देश का महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में मजबूत रेल नेटवर्क प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे का विस्तार केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन, कृषि विपणन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी।
बैठक में लगभग 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से विकसित की जाएगी। प्रस्तावित रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी, जिससे अनेक ऐसे क्षेत्रों को पहली बार रेल सुविधा मिलेगी जहां अब तक रेलवे नहीं पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने रावघाट-जगदलपुर रेलवे लाइन परियोजना की भी समीक्षा करते हुए बताया कि लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया ताकि बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) तथा अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन, खनिज परिवहन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान किरंदुल-कोत्तागुडेम तथा गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया ताकि बस्तर अंचल की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। नई रेल परियोजनाओं से औद्योगिक विकास, खनिज परिवहन, कृषि उत्पादों की आसान आवाजाही, पर्यटन को बढ़ावा और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क और अधिक सशक्त होगा।
प्रदीप मिश्रा
संपादक, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


