शाला प्रवेशोत्सव में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत, मंत्री लखनलाल देवांगन बोले, शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN : 7647981711, 9303948009
नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें और साइकिल वितरित, शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासन का दिया संदेश
कोरबा जिले के पीएम श्री सेजस, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बालको में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें और साइकिल वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि वे अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

युक्तियुक्तकरण के माध्यम से शिक्षकों की समस्या का समाधान किया गया है, वहीं सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। इसके साथ ही जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की सहायता से नए विद्यालय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है तथा शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने बच्चों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के साथ न्योता भोजन में भी सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में पार्षद सत्येंद्र दुबे, एल्डरमैन मंदाकिनी त्रिपाठी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जे.एन. दुबे, प्राचार्य नीलकंठ राठौर, प्रफुल्ल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


