सड़कों पर आवारा मवेशी दिखे तो होगी धरपकड़, मालिकों पर लगेगा जुर्माना; कलेक्टर के सख्त निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN: 7647981711, 9303948009
समय-सीमा बैठक में सड़क सुरक्षा, एग्रीस्टैक, शिक्षा, जल जीवन मिशन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश।
कोरबा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा, शिक्षा, जल जीवन मिशन, एग्रीस्टैक, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों के विचरण और जमावड़े पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को विशेष धरपकड़ अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि पकड़े गए मवेशियों को उनके मालिकों से जुर्माना वसूलने के बाद ही छोड़ा जाए। साथ ही पशुधन विकास विभाग को मवेशियों के सींग और गले में रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। गौधाम योजना के संचालन में आ रही समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्होंने शेष प्रकरणों का भी निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग प्रमुखों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने, कार्यालयीन समय का कड़ाई से पालन करने, ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों का संचालन करने तथा ई-एचआरएमएस में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का ऑनबोर्डिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों का पंजीयन कार्य 15 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एकल खाताधारक किसानों की प्रविष्टियां समय पर पूरी करने तथा संयुक्त खाताधारकों के मामलों में भी तेजी लाने पर जोर दिया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में पुस्तक वितरण एवं स्कैनिंग कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को शीघ्र साइकिल वितरण, गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने, अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में अनियमितता संबंधी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले में भी संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुके कार्यों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा जनपद पंचायतों द्वारा उनका क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं में घरों तक नल से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी, केवल उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। साथ ही मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण करने और ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


