खून से लाल हुई पुश्तैनी जमीन! परिवार के चार लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर ली जान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
By ACGN : 7647981711, 9303948009
जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, जीपीएम पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया।
GPM,ACGN:- प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के थाना गौरेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन संबंधी पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक ही परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति की कथित रूप से हत्या कर दी। मामले में जीपीएम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी दुर्गेश यादव ने थाना गौरेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता खूबचंद यादव के साथ परिवार के अन्य सदस्यों का पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन सुबह लगभग नौ बजे वह अपने पिता के साथ लिखनटोला स्थित खेत में खेती का कार्य करने गया था। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने खूबचंद यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना गौरेला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर खून से सनी मिट्टी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की।
पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से घटना में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद किए गए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रामलाल यादव (37 वर्ष), बिसाहू यादव (60 वर्ष), श्रीमती बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव (60 वर्ष) तथा मुकेश यादव (20 वर्ष), सभी निवासी लिखनटोला, ग्राम नेवसा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2) एवं 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी रखी है। संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक शनिप रात्रे, उप निरीक्षक अरविंद मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सहस राम रजक, पीएसआई आकाश बघेल, पीएसआई नेहा रावटे तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जीपीएम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जमीन अथवा पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी विवाद का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से करें।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क: 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


