राजधानी की सड़कों पर किसका राज? हर मोड़ पर मौत बनकर बैठे ‘मौन पहरेदार’
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7637981711,9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
आवारा मवेशियों के बढ़ते जमावड़े से दुर्घटनाओं का खतरा गहराया, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल।
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर की सड़कों पर इन दिनों एक ऐसी तस्वीर दिखाई दे रही है, जो हर राहगीर और वाहन चालक को चिंता में डाल रही है। शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा मवेशियों के झुंड दिन-रात डेरा जमाए बैठे हैं। ये बेजुबान जानवर अब मानो सड़कों के ‘मौन पहरेदार’ बन चुके हैं, लेकिन इनकी मौजूदगी लोगों के लिए लगातार दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का कारण बन रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में कई स्थानों पर आवारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित हो रहा है। रात के समय अंधेरे में अचानक सड़क पर बैठे मवेशियों से टकराकर कई वाहन चालक घायल हो चुके हैं। कई बार ये बेजुबान स्वयं भी हादसों का शिकार बन जाते हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अपने स्वार्थ के लिए पशु पालने वाले कुछ मालिक उन्हें खुले में छोड़ देते हैं और उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं निभाते। जब कोई दुर्घटना होती है या पशु की मौत हो जाती है, तब पूरा दोष प्रशासन पर मढ़ दिया जाता है। वहीं नगर निगम समय-समय पर अभियान चलाने का दावा करता है, लेकिन सड़कों पर मवेशियों की संख्या कम होने के बजाय लगातार बढ़ती ही जा रही है।

‘हमर रायपुर, स्वच्छ रायपुर’ का नारा भी इस समस्या के आगे फीका पड़ता दिखाई दे रहा है। सड़कों के साथ-साथ दुकानों और मकानों के सामने फैली गंदगी से आम नागरिक परेशान हैं। लोगों का मानना है कि आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशालाओं में भेजने, पशु मालिकों पर कड़ी कार्रवाई करने और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता है।

अब बड़ा सवाल यह है कि राजधानी की सड़कों पर आखिर किसका राज चलेगा, प्रशासन का या इन लावारिस छोड़े गए मवेशियों का? शहरवासियों को इंतजार है उस दिन का, जब जिम्मेदार विभाग केवल अभियान नहीं, बल्कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान भी प्रस्तुत करेगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़”।
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
संपर्क:
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


