जल जीवन मिशन 2.0 को गति देने सांसदों के साथ मंथन, हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने पर बनी रणनीति
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नई दिल्ली
By ACGN – 7647981711, 9303948009
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर दिया गया विशेष जोर।
दिल्ली ACGN:- जल जीवन मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव, राज्य के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों तथा जल शक्ति मंत्रालय एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मिशन की प्रगति, विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप और भोजराज नाग सहित राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में संचालित जल जीवन मिशन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं और चुनौतियों से अवगत कराया।

समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत ग्रामीण अंचलों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने, निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों के अनुरूप कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मिशन के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने की रणनीति पर भी सहमति बनी।

बैठक के दौरान परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने जल जीवन मिशन 2.0 की प्रमुख विशेषताओं, तकनीकी पहलुओं और क्रियान्वयन की रणनीति से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया तथा योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।

सांसदों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए उनसे आग्रह किया गया कि वे जिला स्तरीय जल जीवन मिशन से संबंधित बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के समाधान में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही, ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में भाग लेकर पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण एवं ग्राम पंचायतों को उनके हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि जल जीवन मिशन 2.0 केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र, राज्य, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन के बीच सतत समन्वय आवश्यक है।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़ भी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


