ऑपरेशन अंकुश : 52 परियों से इश्क लड़ाते 33 इश्कबाज चढ़े पुलिस के हत्थे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता – संजय जेठवानी
ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़-कोरबा सीमा पर छाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 90 लाख की सात कारें, ₹57,140 नकद और जुआ सामग्री जब्त।
रायगढ़ ACGN :- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने रविवार देर रात रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 परियों से इश्क लड़ाते 33 इश्कबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से लगभग 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया गाड़ियां, 57 हजार 140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट तथा खुडखुडिया जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर पांच अलग-अलग स्थानों पर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेले जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे और खिला रहे 33 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

दबिश के दौरान पुलिस ने एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ तथा एक ऑल्टो कार सहित कुल सात वाहन जब्त किए। इसके अलावा जुआ फड़ से ₹57,140 नगद, पांच गैस लाइट तथा खुडखुडिया जुआ सामग्री भी बरामद की गई।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी हिस्से में एकत्र होकर बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे।

छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा-6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
छाल पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित थाना छाल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


