ओवरलोड स्कूल ऑटो पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर शहरभर में स्कूल ऑटो की सघन जांच, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायगढ़ ACGN :- स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने ओवरलोड स्कूल ऑटो और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस शहरभर में स्कूल ऑटो की सघन जांच कर रही है।

हाल के दिनों में स्कूल ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आने के बाद पुलिस ने पहले जागरूकता अभियान चलाया और अब नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस अभियान के तहत 18 जुलाई को डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह ने स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों एवं ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि यदि कोई ऑटो चालक बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए ओवरलोडिंग करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

डीएसपी ट्रैफिक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक के अगले ही दिन से यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे एवं उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान ऑटो चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, ओवरलोडिंग नहीं करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन चालकों एवं शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
रायगढ़ पुलिस ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सभी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


