सुनसान बोर घर में महिला और 10 माह की मासूम की हत्या से सनसनी, एसएसपी ने संभाली कमान; हर पहलू पर जांच तेज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता : संजय जेठवानी
रायगढ़ ACGN :- जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छापरपानी में एक सुनसान बोर घर से महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम छापरपानी निवासी बुधियारो नागवंशी (42 वर्ष) ने 16 जुलाई 2026 को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मौसेरी बहन बरत कुमारी (35 वर्ष) के पति की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह अपने मायके में रह रही थी। वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमती रहती थी तथा गांव के प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में रहने लगी थी।
रिपोर्ट के अनुसार 16 जुलाई की सुबह जब बुधियारो नागवंशी चावल लेकर लौट रही थीं, तब ग्रामीण ननकूराम ने उन्हें सूचना दी कि बरत कुमारी के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचने पर बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। वहीं उसके पास सो रही 10 माह की मासूम पुत्री परी भी गंभीर रूप से घायल मिली, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। बाद में महिला की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, थाना लैलूंगा पुलिस, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए।
मामले में थाना लैलूंगा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं थाना लैलूंगा पहुंचे और संदेहियों से पूछताछ कर विवेचना टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “पुलिस टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


