‘अभियान संवेदना’ के तहत जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूसरी बार नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा, आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत थाना जूटमिल पुलिस ने नाबालिग बालिका को दो बार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले 18 वर्षीय आरोपी अनुज स्वर्णकार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को थाना जूटमिल में 15 वर्षीय बालिका के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बालिका 30 जून से बिना बताए घर से चली गई है। इस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका आरोपी अनुज स्वर्णकार के घर पर है। 11 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। बालिका का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन दर्ज कराया गया तथा बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कथन एवं चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं।
इसी बीच 13 जुलाई को बालिका दोबारा लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर जूटमिल थाना में एक और मामला दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने 15 जुलाई को केवड़ाबाड़ी स्थित महादेव मंदिर के पास से आरोपी के साथ बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह आरोपी के साथ ट्रेन से बिलासपुर गई थी, जहां दोनों एक दिन रेलवे स्टेशन पर रुके और अगले दिन वापस रायगढ़ लौट आए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को फिर से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जूटमिल पुलिस ने आरोपी अनुज स्वर्णकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिला संबंधी इस गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, उन्हें सुरक्षित ऑनलाइन एवं ऑफलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या गुमशुदगी की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


